Vikas ki kalam

टोल नाको पर गुंडागर्दी व अवैध वसूली पर रोक लगायी जाय ... कमलनाथ

टोल नाको पर गुंडागर्दी व अवैध वसूली पर रोक लगायी जाय ... कमलनाथ




 जबलपुर ।

‘‘आज प्रदेश की पहचान क्या हो गई है, पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। शिवराज सरकार में नीचे से लेकर ऊपर तक घोटाला और भ्रष्टाचार ही दिखायी देता है और इससे हमारा परिवहन विभाग भी अछूता नहीं है। जिससे कारण परिवहन से जुड़ा व्यक्ति सबसे ज्यादा परेशान है। समाज का सबसे महत्वपूर्ण वर्ग परिवहन व्यवसाय करने वाला प्रदेश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों से निराश और हताश है। कांग्रेस सरकार बनने पर इस वर्ग का पूरा ध्यान रखा जायेगा‘ उक्त संबोधन रविवार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने व्यक्त किये।श्री नाथ ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में कोई उद्योगपति निवेश करना नहीं चाहता, निवेश आता है तो लोगों को रोजगार मिलता है, ट्रांसपोर्ट का काम मिलता है। यदि आपके हाथ में काम है तो उससे आर्थिक गतिविधि बनती है और उसी से प्रदेश का विकास होता है। छोटी-छोटी व्यापारिक गतिविधियों को जीडीपी में शामिल नहीं किया जाता है, लेकिन वे गतिविधियां अर्थव्यवथा को लीड करती है, यही भूमिका परिवहन की है। आज सबसे बड़ी समस्या है रोजगार की। ट्रक मालिक ही जानता है कि ट्रक का मैनेजमेंट कितना मुश्किल होता है। ट्रांसपोर्ट हमारी रीढ़ की हड्डी है, जब तक परिवहन व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक प्रदेश का विकास नहीं हो सकता।  कमलनाथ ने कहा कि हमने किसानों का ऋण माफ किया, १०० रू. में १०० यूनिट बिजली दी। प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने है, आज कौन सा वर्ग परेशान नहीं है? हमारा भटकता हुआ नौजवान जो बेरोजगार हैं, उसकी स्थिति में सुधार नहीं होगा तो प्रदेश का नवनिर्माण कैसे होगा? क्या मध्य प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार से होगी, माफिया से होगी, मिलावटखोरी से होगी? मैंने शुद्व के लिए युद्ध शुरू किया था, माफिया के खिलाफ मुहिम चलायी, लेकिन भाजपा को यह हजम नहीं हुआ और उसने खरीद-फरोख्त कर मेरी सरकार गिरा दी। श्री नाथ ने कहा कि हमारा संविधान देश की संस्कृति को जोड़ने का है।हम रिश्ता जोड़ते हैं, हर समाज जोड़ते है, यही अपने देश की संस्कृति है, इसलिए आज हमारा देश एक झंडे के नीचे खड़ा है। आज उसी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। आज हमारे सामने चुनौती है कि देश की संस्कृति को कैसे सुरक्षित रखा जाए? भाजपा कलाकारी की राजनीति व छुपाने की राजनीति में माहिर है। श्री नाथ ने कहा कि मोदी जी ने २०१३-१४ में किसानों की बात की, नौजवानों की बात की लेकिन २०१९ में वो राष्ट्रवाद की बात करने लग गए, पाकिस्तान की बात करने लग गये, यह कैसे जनता का ध्यान मोड़ते हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसकी पार्टी के एक भी व्यक्ति ने स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में भाग न लिया हो, क्या अब वे हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ायेंगे?कमलनाथ ने कहा कि जहां हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्म के लोग निवास करते हो, इतने धर्म, इतनी जातियां, इतने त्यौहार, इतनी रस्में, इतनी भाषाएं हो, विश्व में ऐसा कोई देश नहीं जहां ऐसा संविधान बना हो। सत्ता में बैठे लोगों द्वारा आज संविधान से छेड़छाड़ की जा रही है, संविधान को समाप्त किया जा रहा है। हमारा संविधान यदि गलत हाथों में चला गया तो देश का क्या होगा? यह नौजवानों के भविष्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है। हमारे संविधान को आज कहा घसीटा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नरेन्दर सिंह पांधे ने कहा कि भाजपा सरकार में जिस प्रकार की लूट आज ट्रक मालिकों के साथ की जा रही है उससे वे काफी परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल मंहगा होने से प्रदेश के अनेकों ट्रांसपोर्ट बर्बदी की कगार पर आ गये हैं। ट्रक मालिकों व परिवहन व्यवसायियों को परेशान किया जा रहा है, चाहे टोल नाके पर हो या आरटीओ बेरियर, टेट्ठफिक के कर्मचारियों- अधिकारियों द्वारा उनके साथ सरकार की मिलीभगत से सरकारी और गैर सरकारी गुंडागर्दी की जा रही है, इस पर रोक लगनी चाहिए। श्री पांधे ने परिवहन प्रकोष्ठ के माध्यम से विश्वास दिलाया कि प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में २०२३ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने कहा कि परिवहन प्रकोष्ठ के माध्यम से कांग्रेस को और अधिक मजबूती मिलेगी।प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष और भारत जोड़ो यात्रा के सिंगरौली के प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने परिवहन से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि समूचा प्रदेश अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से तंग आ चुका है। वाहन के सही पेपर होने पर भी उनसे वसूली की जाती है। परिवहन व्यवसायियों के साथ हो रही अवैध वसूल को विधानसभा में मुद्दा बनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को शपथ दिलायी गई तथा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, चंद्रप्रभाष शेखर, श्रीमती विभा पटेल, डी.एस. पटेल, सेवासिंह खंगूरा, लेखराज सिंह भदौरिया, राघवेन्द्र श्रीवास्तव, सुदामा साकेत, जसवीर सिंह खनूजा, राजेन्द्र वर्मा, प्रांजू यशोधन, रजनीश पांडे, बालमुकुंद परिहार, हरदेव सिंह, कश्मीर सिंह, वीरेन्द्र सिंह खन्ना सहित प्रदेश भर से आये कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विभाग के पदाधिकारी सुशील सालूके ने किया तथा भोपाल के अध्यक्ष एस.के. संतानी ने आभार वयक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

और नया पुराने